घर में फंदे से लटका मिला युवक का शव
पथरा। विशुनपुरवा गांव में रविवार की रात युवक का शव, कमरे में फंदे से लटका मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। परिवार के सदस्यों से जानकारी लेने के बाद एसओ ने बताया कि मायके से पत्नी के नहीं आने से क्षुब्ध होकर युवक ने खुदकुशी कर ली।
विशुनपुरवा गांव निवासी राकेश (25) की शादी जनपद संतकबीरनगर के बखिरा थाना क्षेत्र के राजेडीहा में हुई थी। इसी माह राकेश के ससुर की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उनकी पत्नी मायके गई थी। राकेश, पत्नी को साथ लाने के लिए शनिवार को ससुराल गए थे। लोगों के मुताबिक, पत्नी ने दो-चार दिन बाद आने की बात कही थी। इससे क्षुब्ध होकर राकेश घर चले आए।
परिवार के लोगों ने बताया कि रविवार की देर शाम करीब आठ बजे राकेश अपने कमरे में गए। उनकी माता उनको खाना देने के लिए गईं। दरवाजा खोलने के लिए उन्होंने आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर परिवार के लोगों ने दरवाजा को तोड़ दिया। अंदर राकेश का फंदे से लटका शव मिला।
यह देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ डुमरियागंज अजय कुमार श्रीवास्तव और एसओ राजेश कुमार मौर्य ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। एसओ ने बताया कि मृत युवक के घरवालों के अनुसार, पत्नी के मायके से नहीं आने आने केे कारण युवक ने आत्महत्या कर ली। जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।