चिल्हिया। थाना क्षेत्र के टेकनार गांव के पास सोमवार रात तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक और साइकिल सवार दोनों घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान गुजरौलिया ग्रांट के टोला हरनहिया निवासी पंचम (35) पुत्र श्यामलाल के रूप में हुई। वहीं, घायल बाइक सवार की पहचान दत्तपुर मदरहना निवासी देवेश (22) पुत्र देवेंद्र कुमार के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार, पंचम सोमवार को साइकिल से चिल्हिया बाजार गए थे। रात करीब साढ़े सात बजे वह पल्टादेवी मार्ग से घर लौट रहे थे। टेकनार गांव के पास पल्टादेवी की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी शोहरतगढ़ पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक अर्जुन यादव ने पंचम की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष पवन कुमार मौर्य ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।