जोगिया। ब्लॉक के कछार क्षेत्र के सैकड़ों गांवों को जोड़ने वाली 18 किलोमीटर लंबी ककरही-गायघाट सड़क बदहाल हो चुकी है। बारिश और जलभराव के कारण सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। सड़क पर गिट्टियां बिखरी होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। क्षेत्र के लोगों ने सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की है।
कछार क्षेत्र के गांवों को जोड़ने वाला ककरही-गायघाट मार्ग प्रमुख संपर्क मार्ग है। इससे गोनहा, टेड़िया बाजार, कपिया, गायघाट, धोबहा, केवटलिया, बांकी, कुसुम्ही और बंगरा समेत सैकड़ों गांवों के लोग आवागमन करते हैं। बारिश और बाढ़ के दौरान सड़क पर जगह-जगह जलभराव हो जाता है। इससे सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। गड्ढों और बिखरी गिट्टियों के कारण साइकिल और बाइक सवारों को काफी दिक्कत होती है। कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं।
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ती है। सड़क पर गड्ढों के कारण वाहन चालकों को हिचकोले खाते हुए सफर करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। क्षेत्र के कई गांवों को ब्लॉक मुख्यालय से जोड़ने वाली यही एकमात्र प्रमुख सड़क है। इसके क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है।
सड़क खराब होने से रोजाना आने-जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। सबसे अधिक दिक्कत बच्चों और बुजुर्गों को होती है।
- सुरेश, गोनहा
मरम्मत के अभाव में सड़क जर्जर हो चुकी है। स्कूली छात्र-छात्राओं और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है।
- दिनेश यादव, बड़गो
ककरही-गायघाट सड़क का मौके पर निरीक्षण कर पुनर्निर्माण की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके बाद प्रस्ताव स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने पर सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
- कमल किशोर, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी