फोटो- 56, 57, 58, 59
नेपाल के कृष्णानगर में कर्फ्यू हटा, दो दिन बाद बॉर्डर खुला
नेपाल के सांसद अभिषेक शाह ने गृहमंत्री को सौंपा था ज्ञापन
नेपाल पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाएं थे सवाल
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर/बढ़नी। भारत-नेपाल सीमा के कृष्णानगर, नेपाल में लक्ष्मी विसर्जन के दौरान हुए बवाल के तीन दिन बाद शनिवार को कस्बे से कर्फ्यू हटा दिया गया। दो दिन बाद बॉर्डर खुला तो लोगों ने राहत की सांस ली। नेपाल के सांसद अभिषेक शाह ने नेपाल के गृहमंत्री रामबहादुर थापा को ज्ञापन सौंपकर जमाल शाह पर कार्रवाई की मांग की थी। इस पर मुख्य आरोपी जमाल शाह को नेपाल पुलिस गिरफ्तार कर तौलिहवा लेकर चली गई है। हालांकि, कर्फ्यू हटने के बाद भी कृष्णानगर में एक भी दुकानें नहीं खुलीं। लोग बच-बचाकर बॉर्डर इस पार आते-जाते दिखे। छोटे वाहनों को छोड़कर बड़े वाहनों को अब भी बॉर्डर पर रोका गया है।
कृष्णानगर में बुधवार को लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन यात्रा के दौरान दो समुदायों में बवाल हो गया था। इसमें नेपाल के वार्ड नंबर दो का युवक महिनका लोहार घायल हो गया था। इससे गुस्साए लोगों ने यात्रा रोक दी थी। गुरुवार की सुबह माहौल बिगड़ा तो कपिलवस्तु मुख्यालय से स्पेशल फोर्स बुलाई गई। आरोप है कि नेपाल पुलिस की हवाई फायरिंग में बढ़नी के मिल कॉलोनी निवासी सूरज जो कृष्णानगर में दुकान चलाता था, उसकी मौत हो गई और बढ़नी की किरण कश्यप की कमर में गोली लग गई। इसके बाद गुरुवार की रात नेपाल पुलिस ने खुद ही मूर्तियों का विसर्जन करा दिया। शुक्रवार को कर्फ्यू लगे होने की वजह से किसी ने विरोध नहीं किया। लेकिन इस बीच शनिवार को नेपाल के सांसद अभिषेक शाह ने नेपाल के गृहमंत्री राम बहादुर थापा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया गया कि मुख्य आरोपी जमाल शाह को गिरफ्तार किया जाए। साथ ही सूूरज के परिजनों को मुआवजा दिलाया जाए। नेपाल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जमाल शाह को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही शनिवार को कृष्णानगर कस्बे से कर्फ्यू भी हटा दिया। हालांकि, एहतियातन नेपाल में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स अब भी तैनात है। इसकी वजह से लोगों का नेपाल में आना-जाना बेहद कम रहा है। भारत में भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से चौकस हैं। बॉर्डर पर सीओ सुनील सिंह और एसडीएम शोहरतगढ़ पूरी टीम के साथ मौजूद रहे। इसके अलावा ढेबरुआ पुलिस ने शुक्रवार को हिरासत में लिए बढ़नी के एक व्यक्ति को छोड़ दिया है।
हियुवा ने पीड़ित परिजन से की मुलाकात
नेपाल प्रशासन ने शनिवार की सुबह जैसे ही कर्फ्यू हटाने की घोषणा की लोगों ने प्रशासन से विरोध जताते हुए कहा कि बिना बताए रात में मूर्ति विसर्जन करना ठीक नहीं था। इस पर पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि आरोपी को गिफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद लोग शांत हुए। वहीं, सूचना पर हिंदू युवा वाहिनी के देवी पाटन मंडल प्रभारी सुभाष गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह, गणेश अग्रहरि, सुनील अग्रहरि, सोनू अग्रहरि, रोहित गौतम, डीके अग्रहरि आदि की मौजूदगी में पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर पांच हजार रुपये की आर्थिक मदद करते हुए दोनों समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इसके अलावा मृतक सूरज पांडेय की अंत्येष्टि के बाद मृतक के बाबा ओम प्रकाश पहलवान को नेपाल प्रशासन ने 25 हजार रुपये का चेक सौंपा है।
दंगे का मुख्य आरोपी जमाल शाह गिरफ्तार
कपिलवस्तु। नेपाल में मूर्ति विसर्जन के दौरान उपजे विवाद के मुख्य आरोपी को नेपाल पुलिस ने शनिवार को कृष्णानगर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ करने के लिए तौलिहवा ले गई है। कपिलवस्तु नेपाल के एसपी दीप शमशेर जबरा ने बताया कि जमाल शाह को गिरफ्तार किया गया है। उसे कृष्णानगर के जिला मुख्यालय तौलिहवा ले जाया गया। बताया कि लक्ष्मी की मूर्ति के विसर्जन के दौरान हुए विवाद का प्रमुख आरोपी जमाल शाह था। उससे पुलिस पूछताछ कर रही है। साथ ही दंगे में शामिल अन्य लोगों की भी जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। बताया कि सांसद अभिषेक प्रताप शाह ने गृहमंत्री राम बहादुर थापा को एक ज्ञापन सौंपकर मांग की कि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। गृह मंत्री ने आश्वासन गिरफ्तार का आश्वासन दिया था।