संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। नाग पंचमी के अवसर पर बांसी में राप्ती नदी के पुल पर मंगलवार को पारंपरिक मेले का आयोजन हुआ। प्राचीन परंपरा के तहत आयोजित मेले में आसपास के गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
सुबह से ही राप्ती नदी के पुल और आसपास के इलाके में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। बच्चों में मेले को लेकर खासा उत्साह रहा। उन्होंने गुड़िया पीटने की परंपरा निभाई और खिलौनों समेत विभिन्न सामान की दुकानों पर खरीदारी की।
मेले में बच्चों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक भी पहुंचे। पुल और उसके आसपास लगी दुकानों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही। खिलौने, सजावटी सामान और अन्य सामग्री की दुकानों पर बच्चों और महिलाओं की भीड़ रही। गुड़िया पीटने की परंपरा को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने परंपरा के अनुसार गुड़िया पीटी और इसके बाद मेले में घूमकर खरीदारी की।
स्थानीय लोगों के अनुसार बांसी में राप्ती नदी तट पर नाग पंचमी के अवसर पर मेले के आयोजन की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। हर वर्ष नाग पंचमी पर आसपास के क्षेत्रों से लोग यहां पहुंचते हैं। मेले में शामिल होकर लोग पारंपरिक आयोजन का हिस्सा बनते हैं और अपनी संस्कृति से जुड़ाव महसूस करते हैं। बच्चों के लिए यह मेला खास आकर्षण का केंद्र रहता है। मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए बांसी कोतवाली पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
पुलिसकर्मी लगातार मेला क्षेत्र में गश्त करते रहे और भीड़ और यातायात व्यवस्था पर नजर बनाए रखी। किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों ने प्रमुख स्थानों पर निगरानी की। मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।