सिद्धार्थनगर/ खेसरहा। घर पर नशा करने से रोकना इतना नागवार लगा कि युवक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी कर आरोपी फरार हो गए। मामला खेसरहा थाना क्षेत्र के महुलानी गांव का है।
घायल युवक को जिला अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। उधर, पुलिस ने घायल युवक के भाई की तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
क्षेत्र के महुलानी गांव में मंगलवार को लक्ष्मी पूजन के उपलक्ष्य मेला लगा था। देर शाम मेला खत्म होने के बाद गांव के ही मुकेश व पवन मिश्र घर लौट रहे थे। रास्ते में संजय उर्फ चिन्नीलाल यादव की झोपड़ी में रुके और गांजा पीने की बात कहने लगे।
संजय ने इसका विरोध किया तो दोनों ने उस पर हमला कर दिया। उसके पेट में चाकू घोंप दिया। लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। मौके पर पहुंचे परिजनों घायल युवक को जिला अस्पताल लाए। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
वहीं सूचना पर सीओ बांसी महिपाल पाठक व थानाध्यक्ष खेसरहा आरडी मौर्य भी पहुंच गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष आरडी मौर्य ने बताया कि पीड़ित के भाई की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।