इसी पेड़ के नीचे दबकर वृद्ध की माैत हाे गई।
- फोटो : अमर उजाला
डुमरियागंज। सोमवार की शाम को आई तेज आंधी मेें गिरे पेड़ के नीचे दब कर एक वृद्ध की मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने पेड़ काटकर, शव को बाहर निकाला। सूचना पाकर मौके पर नायब तहसीलदार श्रीष त्रिपाठी भी पहुंचे।
डुमरियागंज थाना़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत जिमड़ी के बहड़हरा गांव निवासी लाला प्रसाद (50 साल) पास के उपधी गांव के बाहर आम के बगीचे के पास झोपड़ी बनाकर रहते थे। सोमवार की शाम वह को अपने खेत जुताई कराने के लिए घर से जा रहे थे। शाम करीब पांच बजे अचानक आई तेज आंधी को देख वह बचने के लिए आम के बागीचे में एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए।
इसी बीच तेज हवा के झोंके से पेड़ उनके ऊपर गिर पड़ा और वह दब गए। पेड़ के नीचे दबने से उनके दोनों तरफ के कंधे टूट गए, और मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर ग्रामीण बगीचे में पहुंचे और लाला प्रसाद के शव को निकालने की कोशिश में जुट गए। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ काटकर किसी तरह से लाश को बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना पाकर प्रभारी तहसीलदार श्रीष त्रिपाठी व लेखपाल संघ के अध्यक्ष रमेशचंद्र श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंच गए। वहीं घटना की जानकारी होने पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रामकुमार चिनकू यादव भी गांव मेें पहुंचकर पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। इस संबंध में डुमरियागंज प्रभारी तहसीलदार श्रीष त्रिपाठी ने कहा कि लेखपाल द्वारा रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है और मृतक के परिजनों को आर्थिक पारिवारिक लाभ दिलाया जाएगा।