मोहाना थाना क्षेत्र के धनगढ़वा क्षेत्र में बिलखते मृतक के घरवाले।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। चोरी के एक मामले में नेपाल पुलिस की ओर से हिरासत में लिए गए जिले के बर्डपुर नंबर दो टोला धनगढ़वा निवासी युवक की रविवार की रात मौत हो गई। उसे चार दिन पहले नेपाल पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। नेपाल पुलिस ने मौत का कारण हादसा बताया है। जबकि मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। मामला संज्ञान में आने के बाद जिले की पुलिस भी हरकत में आ गई है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय मामला होने के चलते एसपी ने कोई टिप्पणी से इनकार किया है। कहा कि नेपाल पुलिस से संपर्क कर मामले की जानकारी लेने के बाद समुचित कदम उठाया जाएगा।
ककरहवा से सटे नेपाल सीमा के कुछ दुकानों में तीन नवंबर को चोरी हुई थी। इस मामले में नेपाल पुलिस ने बर्डपुर नंबर तीन के भैसाहीं निवासी समद को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ में मिली जानकारी के बाद बर्डपुर नंबर दो के धनगढ़वा टोला निवासी विजय (27) को बार्डर क्षेत्र से पकड़ा। सोमवार को विजय के परिजनों को उसकी मौत की खबर दी गई। विजय की पत्नी उषा देवी ने आरोप लगाया कि नेपाल पुलिस की पिटाई से विजय की मौत हुई है। घटना की जानकारी के बाद परिजन नेपाल रवाना हो गए।
उधर, नेपाल के कालीदह चौकी इंचार्ज तारा प्रसाद खनाल ने बताया कि नेपाल बार्डर पर हुई चोरी के मामले में विजय और समद को आठ नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। उनकी निशानदेही पर सामान की बरामदगी भी की गई। चालान कर लुंबिनी पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया था। इस संबंध में लुंबिनी थाना इंचार्ज पुरुषोतम राउत क्षेत्रीय ने बताया कि 12 तारीख को भैरहवा कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था, उसी दौरान विजय भागने लगा। हथकड़ी से उसका हाथ निकल गया और वह वाहन के नीचे आ गया। इसमें विजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे भैरहवा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना विजय के घर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।