जोगिया कोतवाली क्षेत्र के सतवाड़ी गांव के पास मंगलवार को बूढ़ी राप्ती नदी में एक बोरे में युवती का शव पाया गया। सड़ चुके शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। गले पर निशान होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर शव को बोरे में भरकर नदी में फेंक दिया गया था।
फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन जारी है। सतवाड़ी गांव के लोग मंगलवार सुबह गांव के पास से गुजरने वाली बूढ़ी राप्ती के तट पर गए थे। वहां उनकी नजर नदी के किनारे बोरे में बंद लावारिस वस्तु पर पड़ी।
उसके आस-पास कुत्ते मंडरा रहे थे। संदेह होने पर ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची जोगिया पुलिस ने बोरा खुलवाया तो युवती की लाश देख ग्रामीण सन्न रह गए। गुलाबी सूट पहनी युवती की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है।
कई दिनों तक नदी में रहने के कारण शव फूल चुका था। शरीर को कई जगह से जलीय जीवों ने काट लिया था। गले के पास काला निशान बना हुआ था। पुलिस ने आस-पास के ग्रामीणों से शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी डॉ. उपेन्द्र राय के मुताबिक कई दिनों तक पानी में रहने के कारण लाश के फूलने व सड़ने से शिनाख्त में दिक्कत आ रही है। शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि हत्या हुई या मामला कुछ और है। फिलहाल अपने स्तर पर जांच की जा रही है।