गौहनिया राज में खंडित बाबा साहब की प्रतिमा।
- फोटो : अमर उजाला
डुमरियागंज। थाना क्षेत्र के गौहनिया राज गांव में स्थापित बाबा भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा को शुक्रवार की रात शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा का दाहिना हाथ, कान व नाक टूट गया है। शनिवार सुबह इस घटना की जानकारी जैसे ही ग्रामीणों को मिली, आक्रोश फैल गया। लोगों ने हाथों में तख्ती लेकर विरोध-प्रदर्शन किया और अराजक तत्वों पर कार्रवाई की मांग की।
घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी फोर्स पहुंच गई। उधर, विधायक, एसपी सहित अन्य अफसर भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। शरारती तत्वों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। वहीं, ग्रामीणों को समझा-बुझाकर नई प्रतिमा स्थापित कराई गई।
गौहनिया राज गांव के दक्षिण में नव युवक समिति की ओर से डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर बौद्ध विहार स्थित है। इसी परिसर में 14 अप्रैल 2017 को बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित की गई थी। शनिवार की सुबह करीब 6 बजे गांव निवासी मनोज कुमार बौद्ध विहार की ओर गए तो वहां प्रतिमा क्षतिग्रस्त देख सन्न रह गए। समिति के सदस्यों ने सूचना थाने पर दी।
सूचना पाकर मौके पर डुमरियागंज एसओ आरबी सिंह, भवानीगंज एसओ प्रदीप कुमार सिंह के साथ ही सीओ सुनील कुमार सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। एसपी डॉ. धर्मबीर सिंह, एसडीएम राजेंद्र प्रसाद व विधायक राघवेंद्र प्रताप ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। लोगों को क्षतिग्रस्त मूर्ति की जगह नई मूर्ति स्थापित कराने का आश्वासन दिया। आनन-फानन में नई प्रतिमा लाकर बौद्ध विहार में स्थापित कराई गई। इस संबंध में एसओ आरबी सिंह ने बताया कि हालात नियंत्रण में है। नई प्रतिमा स्थापित करा दी गई है। शरारती तत्वों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश की जा रही है।