सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के बलुरी गांव के पास गुरुवार की सुबह 11 बजे बाजार से सब्जी बेचकर घर लौट रहे साइकिल सवार किशोर को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। बुरी तरह जख्मी बालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। वाहन की तलाश की जा रही है।
क्षेत्र के बलुरी गांव निवासी बेचन प्रसाद का पुत्र तेज प्रताप उर्फ सौरभ भास्कर (16) गुरुवार की सुबह सब्जी बेचने के लिए शहर के गोबरहवा मंडी में गया था। सब्जी बिक्री के बाद वह साइकिल से घर लौट रहा था। अभी वह गांव के पास पहुंचा था तभी सामने से आ रहे एक वाहन ने उसे रौंद दिया। वाहन उसे कुचलते हुए भाग निकला। हादसे में उसकी मौत हो गई। साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। किशोर को सड़क पर लहूलुहान देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पहचान कर सूचना परिजनों व पुलिस को दी। पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में एसओ सदर शादाब खान ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है कार्रवाई की जाएगी।