शहर के रोडवेज के समीप बैठी मानसिक रूप से बीमार युवती को एक युवक ने रात के अंधेरे में उठाकर ले जाने का प्रयास किया। चीख पुकार सुनकर लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची यूपी 100 गाड़ी आरोपी को कोतवाली ले आई। बाद में आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
भीषण ठंड के बीच रोडवेज के आसपास घूमने वाली मानसिक रूप से बीमार युवती बुधवार की रात करीब 10:30 बजे सड़क किनारे बैठी थी। तभी एक युवक वहां पहुंचा और और युवती को पकड़कर जबरन अपने साथ ले जाने लगा। युवती के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
आरोपी भागने लगा, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। आरोपी नशे की हालत में था। पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम चंद्रभान बताया। लोगों ने घटना की सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। यूपी 100 गाड़ी ने आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह युवती को घर ले जा रहा था। पुलिस युवक को कोतवाली ले गई।
लोगों ने बताया कि विक्षिप्त युवती बीते तीन माह से घूम रही है। कोतवाली प्रभारी जेपी यादव का कहना है कि युवक के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।