सिद्धार्थनगर। मकतब में पढ़ रही नाबालिग (16) को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में उसका बाजार थाना पुलिस ने रविवार देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी थाना क्षेत्र के एक मकतब के मौलाना को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार मौलाना का नाम नेपाल के जिला मोहतरी के थाना जलेसर निवासी नियाज खान है। नाबालिग के नेपाल में होने की पुख्ता सूचना पर पुलिस उच्चाधिकारियों से संपर्क करने के बाद कार्रवाई करने की तैयारी में है।
पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर के मुताबिक पीड़िता के पिता ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव में स्थित मकतब में बिहार निवासी एक अधेड़ मौलाना पढ़ाने का काम करता है। दो किमी की दूरी पर स्थित एक अन्य गांव में उनका सगा भाई भी मौलाना है। नाबालिग भी पहले मकतब में पढ़ती थी। पढ़ाने के दौरान पहले मौलाना ने प्रेमजाल में उसे फांस लिया। साजिश के तहत तीनों 10 अगस्त को फरार हो गए। दूसरे दिन से ही घर वालों ने खोजबीन शुरू कर दी।
सहपाठियों के बताने पर मौलाना व उसका अधेड़ भाई साथ में लेकर गए हैं, इसे संज्ञान में लेते हुए बिहार प्रांत के जिला सीतामढ़ी पहुंचे। वहां मालूम चला कि नेपाल के सीमावर्ती जिले में नाबालिग को रखे हैं। आरोपी के घर पहुंचने पर नाबालिग तो दिखी, लेकिन आरोपी ने धक्का देते हुए घर के अंदर करने के बाद बंद कर दिया। इस संबंध में एसओ उसका बाजार राम सिंहासन सिंह ने कहा कि नाबालिग को बरामद करने के लिए पुलिस लगी हुई है।
इस संबंध में एसपी महेंद्र यादव ने बताया कि नाबालिग को बरामद करने के लिए पुलिस उच्चाधिकारियों से संपर्क कर रही है। दिशा निर्देश मिलने के बाद पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी। मुख्य आरोपी मौलाना को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। जल्द ही सफलता मिलेगी।