खेसरहा। थाना क्षेत्र के पेड़ारी चौराहे पर स्थित एक मोबाइल शॉप के दरवाजे का ताला तोड़कर शुक्रवार की रात चोरों ने नकदी, लैपटॉप, मोबाइल फोन समेत लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी।
क्षेत्र के छोटकी पेड़ारी गांव निवासी आशीष गुप्ता पेड़ारी चौराहा पर मोबाइल फोन की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार की शाम वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए। देर रात चोर दुकान के पीछे लगे दरवाजा का ताला तोड़कर अंदर रखा लैपटॉप, मोबाइल फोन सहित अन्य सामान समेट ले गए। सुबह आशीष दुकान खोलने पहुंचा तो सामान बिखरा देख सन्न रह गया।
आशीष के मुताबिक चोर दुकान से गल्ले में रखा सात हजार रुपये नकदी, एक लैपटॉप, तीन हार्डडिस्क, 120 मोबाइल फोन, 50 पीस एलईडी बल्ब, करीब 200 पीस मोबाइल बैट्री सहित लगभग तीन लाख रुपये का सामान चुरा ले गए हैं। इस संबंध में एसओ रणधीर मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।