डुमरियागंज। नगर के मंदिर चौराहा स्थित कांप्लेक्स के प्रथम तल पर कपड़े की दुकान में मंगलवार की रात आग लग गई। तेज धुंआ उठता देख लोगों को इसकी भनक लगी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने अथक कोशिशों से आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण ज्ञात नहीं हो सका है। शार्ट-सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पीड़ित के मुताबिक करीब छह लाख की क्षति हुई है।
मंदिर चौराहे पर निर्मित कामरान कांप्लेक्स के प्रथम तल पर सुहेलवा गांव निवासी शिवकुमार उर्फ बबलू दुबे के रेडिमेड कपड़ों की थोक दुकान है। मंगलवार की रात करीब 8 बजे वह दुकान बंद कर अपने गांव चला गया। रात करीब 12 बजे दुकान से तेज धुंआ निकलने पर लोगों ने इसकी सूचना शिवकुमार को दी।
कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। जैसे-तैसे शटर खोलकर आग बुझाने की कोशिश करने लगी। दो घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक आग से दुकान में रखा जैकेट, शर्ट-पैंट सहित पूरा फर्नीचर जलकर नष्ट हो चुका था। पीड़ित शिवकुमार ने बताया कि अगलगी से करीब 6 लाख का नुकसान हुआ है। वह कर्ज लेकर दुकान का हाल ही में सामान खरीदकर लाया था, लेकिन आग ने उसका सब कुछ छीन लिया। घटना की जानकारी मिलने पर अशोक कुमार सिंह, रियाज खान, मंटू, हमीद, रमेश सोनी आदि ने पीड़ित दुकानदार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। इस संबंध में डुमरियागंज एसडीएम अरुण कुमार राय ने बताया कि अभी तक उन्हें इस घटना से संबंधित कोई लिखित पत्र नहीं मिला है। फायर ब्रिगेड से आग लगने का कारण और रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।