महिला की मौत के बाद परेशान परिवारीजन
- फोटो : amar ujala
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के रामनगर उर्फ मदरहना गांव में शनिवार की रात संदिग्ध हालात में विवाहिता की कमरे में छत की कुंडी में फंदे से लटकती लाश मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की मां ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के बजहा चौकी अंतर्गत रामनगर उर्फ मदरहना निवासी रामअवध की पत्नी रीना (22) की शनिवार की रात कमरे में सोई थी। घर वालों के मुताबिक सुबह काफी देर तक भी रीना बाहर नहीं आई तो वह कमरे के पास पहुंचे। खिड़की से झांका तो अंदर छत की कुंडी में फंदे से रीना की लाश लटक रही थी। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज बजहा राधारमण यादव ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जानकारी होने पर मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। चिल्हिया थाना क्षेत्र के बोकनार गांव निवासी रीना की मां संजू यादव ने पुलिस को तहरीर देकर पति, ससुर, देवर व सास पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में चौकी बजहा प्रभारी राधा रमण यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर छानबीन की जा रही है।