डुमरियागंज के शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग पर सोमवार को हिजुरा गांव के पास जली हुई बाइक लावारिस हालत में मिली। काफी देर तक बाइक मालिक का पता नहीं चलने पर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है।
हिजुरा गांव के पूरब दिशा में कुछ दूरी पर शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग पर सोमवार सुबह पूरी तरह से जली हुई बाइक लोगों को दिखी। करीब 200 मीटर दूर रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे बाइक को जलते हुए देखा गया था।
इसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पूरा जलने के बाद बुझी। सोमवार दोपहर तक जली हालत में दो पहिया वाहन का कोई भी वारिसदार नहीं पहुंचा था। वहीं पुलिस ने जली बाइक को कब्जे में लेकर उसकी पड़ताल शुरू कर दी है। लोग इसे किसी बड़ी घटना से जोड़ रहे हैं।
थानाध्यक्ष गोपालजी यादव ने बताया कि बाइक को लदवाकर थाने पर लाया गया है। इंजन या चेचिस नंबर से बाइक के मालिक का पता करवाया जाएगा। वैसे बाइक का पूरी तरह से जलना और उसका लावारिस होना समझ से परे है।