बढ़नी में हादसे के बाद घटनास्थल पर पड़ी बाइक।
- फोटो : अमर उजाला
बढ़नी। ढेबरुआ-बढ़नी मार्ग पर सरयू नहर पुल के पास शनिवार को बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार वृद्ध को कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक के पहिए में फंसने से बुजुर्ग करीब 30 फीट तक सड़क पर घिसटता रहा। लोगों के शोर-गुल मचाने पर चालक ने ट्रक रोका, तब तक वृद्ध की मौत हो चुकी थी। घटनास्थल पर ट्रक छोडकर चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इटवा क्षेत्र के परसा बुजुर्ग गांव निवासी रामशंकर (62) शनिवार को किसी कार्य से बढ़नी आया था। वह बाइक से ढेबरुआ की ओर जा रहा था।
एनएच-730 पर सरयू नहर पुल के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार वृद्ध को कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक के अगले पहिए में फंसकर बुजुर्ग करीब 30 फीट तक घिसटता चला गया। जब तक ट्रक रुकवाकर लोग उसके पास पहुंचे, उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जेब में मिले कागजात के आधार पर वृद्ध की पहचान कर 100 नंबर पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के घरवालों को घटना की जानकारी दी। ढेबरुआ एसओ अखिलानंद उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है।