कोड़रा गांव निवासी किशोर की मौत पर रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बांसी। क्षेत्र के भटोली गांव में मंगलवार देर रात शराब पीने के दौरान पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में मजदूर ने साथी की सिर कूंचकर हत्या कर दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
क्षेत्र के बेलगाड़ी गांव निवासी अकबर अली (46) पेशे से मजदूर था। वह हैंडपंप लगाने का कार्य करता था। मंगलवार रात वह पिपरा भैया निवासी अपने साथी वेदप्रकाश यादव के साथ भटौली स्थित शराब की दुकान पर पहुंचा। वहां दोनों ने जमकर शराब पी और फिर चले गए। बताते हैं कि कुछ देर बाद दोनों में पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। नशे में धुत होने के कारण विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
दोनों ने एक-दूसरे पर हमला किया। वेदप्रकाश ने ईंट से अकबर के सिर पर हमला कर दिया। सिर व चेहरे पर गंभीर चोट से अकबर अली की मौके पर ही मौत हो गई। देर रात वेदप्रकाश के पिता सोमई ने ही 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। एचसीपी राममिलन यादव के नेतृत्व में सब कमांडर यशपाल यादव, चालक दुर्गेश मिश्र व हृदेश कुमार की पीआरवी-1517 मौके पर पहुंची। आरोपी को हिरासत में लेकर बांसी कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। इस संबंध में कोतवाल रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भाई जमील अहमद की तहरीर पर आरोपी वेदप्रकाश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।