त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बड़हरा गांव में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत हो गई। महिला के बेटे ने हत्या की आशंका जताई, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के बैदौला निवासी करामत अपने परिवार के साथ लगभग 20 वर्षों से त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बड़हरा गांव में घर बनाकर रह रहे हैं। परिवार में पत्नी के साथ दो बेटियां और एक बेटा हैं। वह थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बडहरा बिशुनपुर में हिदायत के मुर्गी फार्म पर काम करते है। लोगों के मुताबिक धनाभाव के चलते पति के साथ पत्नी अमीना खातून भी काम पर जाने लगी। इसी दौरान मुर्गी फार्म पर काम करते वक्त अमीना खातून का मुर्गी फार्म मालिक हिदायत के साथ संबंध हो गया। पति करामत को जब इसकी जानकारी हुई तो उसने डांटा। इससे नाराज अमीना खातून लगभग आठ वर्ष पूर्व पति करामत का साथ छोड़ कर 17 वर्षीय बेटी सबा को लेकर हिदायत के साथ रहने लगी। इस दौरान उसकी बेटी भी गायब हो गई थी। रविवार की दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में अमीना की भी मौत हो गई। मौत की खबर लगते ही गांव के लोगों को मुर्गी फार्म मालिक हिदायत ने बताया कि फालिज का अटैक हुआ था। इलाज के लिए इटवा ले जा रहे थे। रास्ते मेें मौत हो गई। मौत के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान मां की मौत की जानकारी अमीना के पहले पति के पुत्र अशफाक को हुई। उसने घटना की जानकारी 100 नंबर पर फोन करके अपनी अम्मी की हत्या करने की आशंका जताई। इस संबंध में थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर देवेंद्र कुमार मिश्रा का कहना है कि अमीना के पहले पति के बेटे अशफाक की सूचना पर शव को पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
महिला की मौत, चर्चाएं गर्म
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के नजरगढ़वा गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
परसा। ढेबरुआ थानाक्षेत्र के नजरगढ़वा गांव में एक अधेड़ महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में रविवार की रात मौत हो गई। महिला की मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा है। इस मसले पर गांव के लोग कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं और पुलिस भी जानकारी न होने की बात कह रही है। ढेबरुआ थानाक्षेत्र के नजरगढ़वा गांव में रविवार की रात 45 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत के कारणों का स्पष्ट रुप से पता नहीं चल पा रहा है। पूरे क्षेत्र में सुबह से ही महिला की मौत को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। ग्रामवासी कुछ भी कहने से बचते रहे। इस संबंध में ढेबरुआ थाना प्रभारी आरके गौतम का कहना है कि उन्हें इस घटना बारे में कोई जानकारी नहीं है।