बिस्कोहर क्षेत्र में मृतक के घर लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बस्ती बरगदवा गांव में नवनिर्मित मकान की छत के लिए सरिया काटते समय एक युवक करंट की चपेट में आ गया। घटना में उसकी मौत हो गई। युवक मकान के बाहर बाग के पास सरिया काटने के लिए सीधा कर रहा था, तभी सरिया विद्युत तार के संपर्क में आ गया। इसके बाद हादसा हुआ है।
क्षेत्र के बस्ती बरगदवा गांव निवासी 30 वर्षीय सुज्जू उर्फ मुबारक पुत्र अब्बास सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे गांव में अपने मामा के घर गया था। बताया जा रहा है कि उसके मामा के मकान की छत ढालने के लिए काम चल रहा था। उसके वास्ते सरिया काटना था। सुज्जू सरिया लेकर पास स्थित बाग के पास चला गया और सरिया काटने से पहले उसको सीधा करने लगा। सरिया ऊपर से होकर गुजरे 11 हजार वोल्टेज तार के संपर्क में आ गया। विद्युत तार की चपेट में आने से युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मगर परिवार के लोग उसे स्थानीय निजी डॉक्टर के पास भी ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना के बाद परिवार के साथ पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। युवक की शादी आठ वर्ष पूर्व हुई थी। उसके कोई बच्चे नहीं थे। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पूरे गांव मे मातम का माहौल है।