सिद्धार्थनगर। बिजली विभाग के सब स्टेशन ऑफिसर (एसएसओ) का एटीएम बदलकर बदमाशों ने 39 हजार 500 रुपये ने उड़ा लिए। नगर के एसबीआई एटीएम से जुड़ा मामला गुरुवार का है। पीड़ित एसएसओ ने शनिवार को सदर पुलिस को तहरीर दी है।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के मईला गोंविदपुर गांव निवासी मनोज कुमार जिले के नौगढ़ बिजली घर पर एसएसओ हैं। मनोज के मुताबिक पांच अक्टूबर की शाम वह सदर थाना क्षेत्र के उसका रोड स्थित स्टेट बैंक के एटीएम पर पैसा निकालने के लिए गए थे। वह एटीएम से 800 रुपये निकालने के लिए दो बार प्रयास किए। जब पैसा नहीं निकला तो बगल में खड़े एक लड़के की मदद ली। लड़के ने एटीएम कार्ड लेकर कोड पूछा और 500 रुपये निकालकर थमा दिया। इसी दौरान उसने एटीएम कार्ड बदल दिया। घर पहुंचने के बाद रात 9 से 9.10 के बीच में तीन मैसेज आए और तीस हजार रुपये खाते से निकल गए। मैसेज देख मनोज को एटीएम कार्ड बदलने की जानकारी हुई। छह अक्टूबर को बैंक पर पहुंचकर पता किया तो खाते में पैसा ही नहीं था। चार बार में 39500 रुपये खाते से निकाला जा चुका था। मनोज ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में एसओ सदर डीके श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।