पथरा (सिद्धार्थनगर)। थाना क्षेत्र के ग्राम बरगदी में कथित तौर पर बिजली की चपेट में आने से धन्नू उर्फ धनराज की (15) मौत ने नया सवाल खड़ा कर दिया है। शनिवार को धन्नू के चारो बहनों ने शव को कंधा देते हुए मिठवल-बरगदी तिराहे के पास पहुंच गईं। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर परिजनों के साथ प्रदर्शन किया। परिजन व ग्रामीणों के प्रदर्शन के कारण बांसी-डुमरियागंज मार्ग दिन के 12 बजे से लेकर करीब एक बजे तक जाम रहा। एसओ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह और एसडीएम प्रबुद्ध सिंह के आश्वासन पर प्रदर्शन खत्म हुआ।
शुक्रवार की सुबह ग्राम बरगदी के पूरब स्थित एक खेत में धन्नू उर्फ धनराज का झुलसा हुआ शव मिला था। खेत में लगे डबल पोल का स्टिक तार टूटा था और हाईटेंशन तार टूट कर जमीन पर गिरा था। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद परिजनों को जैसे ही शव मिला, वैसे ही परिजन शव को कब्जे में ले लिए। रामलखन की चारों बेटियों ने पूसी, गोपी, इंद्रावती व संगीता ने धन्नू के शव को कंधा देते हुए मिठवल-बरगदी तिराहे के पास रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए ग्रामीण भी मौके पर पहुुंच गए और एसओ के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। मांग की कि गांव के कुछ लोगों ने भाई की हत्या की है। ऐसे में पुलिस हत्या का केस दर्ज करे। सूचना पर विधायक डुमरियागंज राघवेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम प्रबुद्ध सिंह सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। विधायक के आश्वासन पर लोगों ने एक घंटे बाद करीब एक बजे प्रदर्शन बंद किया। थानाध्यक्ष विजय कुमार दुबे ने बताया कि परिजन शव का अंतिम संस्कार करने गए हैं। तहरीर देंगे, मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।