सिद्धार्थनगर। चुनाव में उपहार और नकदी वितरण की आशंकाओं में फ्लाइंग स्क्वॉड ने बुधवार को जिले में साढ़े 70 लाख रुपये की नकदी पकड़ी। अलग-अलग क्षेत्रों में फ्लाइंग स्क्वॉड ने पकड़े गए कैश को छानबीन के लिए पुलिस को सुपुर्द कर दिया। जांच के दौरान 70 लाख रुपये बैंक का निकला, जबकि 50 हजार रुपये एक गल्ला व्यापारी का था। कागजात उपलब्ध कराने पर उन्हें छोड़ दिया गया।
कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के लिए गठित फ्लाइंग स्क्वॉड की पंकज दुबे के नेतृत्व वाली टीम उसका राजा पिकेट के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई तो अंदर बक्से में 70 लाख रुपये कैश रखा हुआ था। इसमें 60 लाख रुपये दो-दो हजार के नोट में थे, जबकि 10 लाख सौ के नोट में।
कैश के साथ मौजूद लोग खुद को बैंक से जुड़ी प्राइवेट कंपनी का कर्मचारी होना बताते रुपये बैंक में ले जाने की जानकारी दी। बताया कि नौगढ़ शाखा से यह कैश बांसी क्षेत्र के विभिन्न बैंकों में पहुंचाया जाना है। हालांकि मौके पर वह कोई कागजात पेश नहीं कर सके।
टीम ने उसे उसका पुलिस को सुपुर्द कर दिया। सीओ सदर मो. अकमल खां के मुताबिक छानबीन के दौरान यह पैसा बैंक का पाया गया। कागजात पेश करने पर उसे छोड़ दिया गया। उधर, एमपी श्रीवास्तव के नेतृत्व वाली दूसरी फ्लाइंग स्क्वॉड ने मोहाना-लोटन मार्ग पर ग्राम चनरैया मोड़ के पास चेकिंग के दौरान बोलेरो से 51,410 रुपये कैश बरामद किया। कैश को लोटन कोतवाली में लाकर छानबीन की गई। बोलेरो सवार संतोष कुमार ने खुद को गल्ला व्यापारी बताते हुए कैश से संबंधित दस्तावेज दिखाए, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया। जांच के दौरान एसआई अंजनी कुमार राय, आरक्षी संतोष कुमार, गिरिजेश पांडेय शामिल रहे।