परीक्षा से लौट रही छात्रा की डंफर की चपेट से मौत
पिता गंभीर रूप से घायल, नेपाल सीमा से सटे हाट बाजार का हादसा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
कपिलवस्तु। सीमा से सटे नेपाल के रूपनदेही जिले के हाट बाजार के पास गुरुवार दोपहर परीक्षा देकर लौट रही छात्रा की डंफर की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि परीक्षा दिलाने गए छात्रा के पिता इस हादसे में घायल हो गए हैं। उन्हें बुटवल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नेपाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नेपाल के रूपनदेही जिले के बुटवल थाना क्षेत्र के तामनगर निवासी पुष्पा भंडारी (19) पुत्री घनश्याम क्षेत्र के हाट बाजार स्थित सिद्धार्थ गौतम बुद्ध विद्यालय की कक्षा 12 की छात्रा थी। इन दिनों वहां पर बोर्ड की परीक्षा चल रही है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को पुष्पा अपने पिता घनश्याम के साथ स्कूटी से परीक्षा देकर घर लौट रही थी। इसी बीच पीछे से आ रहे डंफर की चपेट में उसकी स्कूटी आ गई जिससे छात्रा पुष्पा की मौत हो गई और पिता घनश्याम गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने घायल को बुटवल स्थित सरकार अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।