पोखभिंडा गांव में पीड़ित परिजनों से मिलने पहुंचे सांसद।
- फोटो : अमर उजाला
बर्डपुर।कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के पोखरभिंडा गांव से 11 दिन पूर्व एक साथ लापता चार लड़कियों के लापता होने का सुराग अभी तक पुलिस नहीं लगा पाई है। जबकि इन्हें तलाशने के लिए स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं। वहीं लड़कियों के घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल है।
रविवार को सांसद जगदंबिका पाल ने पोखरभिंडा पहुंचकर लड़कियों के परिजनों को ढांढस बंधाया। इस संबंध में उन्होंने एसपी को फोन कर अगले 12 घंटे में लापता चारों बालिकाओं की बरामदगी व मामले में संलिप्त अभियुक्तों को कड़ी सजा दिलाए जाने की हिदायत दी।
अगर पुलिस तय समय में मामले का पर्दाफाश नहीं कर पाती तो पुलिस के अधिकारी भी बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें आर्थिक सहयोग भी दिया। गौरतलब है कि पोखरभिंडा निवासी शिवपूजन चौधरी की दो लड़कियां साधना चौधरी(15), वंदना चौधरी (13), माता प्रसाद की पुत्री प्रिया पाठक सात व रामनेवास की पुत्री महिमा चौधरी गांव से अचानक लापता हो गई थीं।
लापता बच्चियों के परिजनों के तहरीर पर कपिलवस्तु पुलिस ने बच्चियों के गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया। उनकी छानबीन शुरू की। मामले में पुलिस ने गांव के तथा आसपास के कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी कर रही है, लेकिन मामले के पर्दाफाश में अब तक नहीं हो पाया है।