गला दबाकर वृद्ध की हत्या की कोशिश
मरा समझकर मौके से छोड़कर भाग गए थे हमलावर
चिल्हिया थाना क्षेत्र के अलीदापुर गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
चिल्हिया। क्षेत्र के अलीदापुर गांव के टोला नेतपुर में मंगलवार की रात एक 58 वर्षीय वृद्ध की गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की गई। हमलावर वृद्ध को मरा समझकर मौके से भाग निकले। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के अलीदापुर गांव के टोला नेतपुर गांव निवासी राम केवल (58) मंगलवार की रात अपने घर के बरामदे में सोेए हुए थे। रामकेवल के मुताबिक रात 12 बजे तीन अज्ञात लोग आए और एक ने मुंह दबा लिया, दूसरा हाथ पकड़ लिया जबकि तीसरे ने गला दबा रखा था। अपने आप को छुड़ाने के लिए विरोध करता रहा। अकेले रहने की वजह से वे अपने आप को छुड़ा नहीं सके। जब मुंह से खून आया और हाथ पांव ढीला हो गया तो मुझे मरा समझकर हमलावार मौके से भाग निकले।
गंभीर हाल में वृद्ध को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज हो रहा है। एसओ अवधेश राज सिंह ने बताया कि तहरीर ले ली गई है। अज्ञात लोगों के खिलाफ संज्ञान में लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी।