सिद्धार्थनगर। ससुराल से पत्नी की विदाई नहीं हुई तो क्षुब्ध होकर युवक ने साले के पुत्र का अपहरण कर लिया। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर अपहर्ता फूफा को गिरफ्तार करते हुए बालक को बरामद कर लिया है। घटना जोगिया कोतवाली क्षेत्र के कटहना गांव की है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी फूफा को जेल भेज दिया है।
जोगिया के कटहना गांव निवासी राजेश यादव का पुत्र रामप्रकाश उर्फ गगन (10) गांव के ही जमुना देवी सरस्वती विद्या मंदिर में कक्षा-4 का छात्र है। राजेश के भाई राकेश ने बुधवार को पुलिस को सूचना दिया कि बाइक सवार दो लोग उसके भतीजे को स्कूल से उठा ले गए हैं। सूचना के तत्काल बाद हरकत में आई पुलिस ने जगह-जगह घेरेबंदी कर खोजबीन शुरू की। एसपी सत्येंद्र कुमार ने तत्काल वायरलेस पर सूचना प्रसारित कर सभी थानों-चौकियों को इस बाबत निर्देशित किया। गुरुवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर जोगिया पुलिस ने बांकी नाले के पास से बालक को बरामद करते हुए दो युवक को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान क्षेत्र के ही नवइला गांव निवासी चंद्रशेखर व अशोक यादव के रूप में हुई। पुलिस लाइन सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान सीओ सदर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी चंद्रशेखर बालक रामप्रकाश का फूफा है। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि राकेश की बहन बिंजन के साथ उसकी शादी हुई है। पिछले एक वर्ष से ससुराल वाले पत्नी की विदाई नहीं कर रहे। उन पर दबाव बनाने के मकसद से वह रामप्रकाश को स्कूल से अपने साथ ले गया था। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। वहीं, दूसरे आरोपी से अभी पूछताछ जारी है। बच्चे को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। टीम में एसआई अवधेश कुमार सिंह, राणा प्रताप यादव, सुभाष यादव, परमात्मा यादव, रामकुमार सिंह आदि शामिल रहे।
पत्नी तो विदा नहीं हुई खुद जाना पड़ा जेल
पुलिस के मुताबिक चंद्रशेखर नशे का भी आदी है। शादी के बाद से ही पत्नी से उसका विवाद होने लगा। इसलिए पत्नी पिछले एक वर्ष से मायके में रहने लगी थी। विदाई के लिए कई बार ससुराल भी गया, मगर जब बात नहीं बनी तो साले के लड़के को हथियार बनाना चाहा। पत्नी की विदाई तो नहीं हुई, लेकिन जेल के लिए चंद्रशेखर जरूर विदा हो गया।