सिद्धार्थनगर। भाजपा के जिला महामंत्री ने सहायक विकास अधिकारी को फोन पर जान से मारने की धमकी दी है। मामले की तहरीर सहायक विकास अधिकारी ने खेसरहा थाना पुलिस को दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने भाजपा जिला महामंत्री केशभान राय के खिलाफ फोन से गाली देने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में खेसरहा पुलिस ने केस दर्ज किया है। मामला गांव में राशन कार्ड की जांच से जुड़ा है। पुलिस केस दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है।
खेसरहा ब्लॉक में तैनात सहायक विकास अधिकारी बालकृष्ण यादव ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में 18 अगस्त को क्षेत्र के ही टिकुर गांव में राशन कार्ड संबंधित शिकायत आई थी। शिकायत के आधार पर 22 अगस्त को जांच करके मुख्यालय पर रिपोर्ट जमा की गई। उसी दिन टिकुर गांव निवासी केशभान राय ने 12.45 बजे फोन करके गाली देने लगे और साथ ही यह भी कहा कि बीडीओ व प्रमुख के खास बन रहे हो। यह हमारा गांव हैं हमारे गांव में आए तो मार पीटकर हाथ-पैर तोड़ देंगे। जान से मारने की धमकी भी दी है। उनसे जान से खतरा बना हुआ है। मामले की जांच करते हुए कार्रवाई की जाए। तहरीर के आधार पर खेसरहा पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसओ राधेश्याम राय ने बताया तहरीर के आधार पर केशभान राय के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जिला महामंत्री केशभान राय ने बताया कि साजिश के तहत मुझे फंसाया जा रहा है। आरोप पूरी तरह से निराधार है।