सिद्धार्थनगर। बांसी कोतवाली क्षेत्र के नदवां गांव में सोमवार की देर रात संदिग्ध हाल में एक महिला की झुलसने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अभी तक तहरीर नहीं दी गई है।
क्षेत्र के नदावं गांव निवासी मीरा (25) पत्नी महेंद्र कुमार सोमवार की रात खाना खाने के बाद सोई हुई थी। बताया जा रहा है कि देर रात वह संदिग्ध हाल में वह आग की चपेट में आ गई। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने आग बुझाई लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। आनन-फानन मेें परिजन बांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां, उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ बांसी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। ढिबरी से आग लगने की बात कही जा रही है। फिलहाल अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच करके कार्रवाई की जाएगी।