सिद्धार्थनगर। जिले की पुलिस ने बुधवार को 243 पेटी चाइनीज सेब बरामद किया है। दो अलग-अलग पिकअप पर लदा यह सेब नेपाल से बांसी की ओर जा रहा था। स्वाट टीम ने बांसी तिराहा व जोगिया पुलिस ने करौंदा मसिना गांव के पास से दोनों पिकअप को पकड़ा। दोनों वाहन के चालकों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
सीओ मोहम्मद अकमल खां ने बुधवार को सदर थाने में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि नेपाल के रास्ते चाइनीज सेब लाने की सूचना मिली थी। स्वॉट टीम प्रभारी शिवाकांत मिश्र को इसकी धरपकड़ के लिए लगाया गया। टीम के सदस्यों के साथ बांसी तिराहे पर चेकिंग शुरू कर दी। इस बीच एक पिकअप तो निकल गई एक पिकअप को रोककर जांच किया गया तो पिकअप में 117 पेटी चाइनीज सेब बरामद हुआ। बरामद सेब कस्टम को सुपुर्द करते हुए पिकअप को सीज कर दिया गया। पकड़ गया आरोपी चालक मोहम्मद अली बांसी कोतवाली क्षेत्र के गंगुवली गांव का निवासी है। पूछताछ में उसने बताया कि सेब बांसी के एक व्यापारी के यहां ले जाना था।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। टीम स्वॉट टीम प्रभारी शिवाकांत मिश्र, सिपाही अवनीश सिंह, आशुतोष तिवारी, दिनेश यादव, गौरव सिंह, राकेश कन्नौजिया शामिल रहे। इसी तरह जोगिया कोतवाली पुलिस ने सूचना पर करौंदा मसिना चौराहे के पास से चेकिंग के दौरान एक पिकअप में लदा 126 पेटी चाइनीज सेब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी चालक अमित कुमार ने बताया कि वह बांसी के शेखनगर का रहने वाला है। वह एक व्यापारी के यहां सेब को लेकर जा रहा है। पकड़े गए सेब को कस्टम विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है और आरोपी चालक पर मुकदमा दर्ज कर गाड़ी को सीज कर दिया गया है। टीम कोतवाली प्रभारी जोगिया शमशेर बहादुर सिंह, सिपाही कृष्णानंद तिवारी, जयसिंह चौरसिया, बलराम, बृजेश यादव, रामनाथ आदि शामिल रहे।