लोटन। पांच दिन पूर्व संदिग्ध हाल में लापता हुए व्यापारी का शव सोमवार सुबह मोहाना थाना क्षेत्र के गढ़मोर गांव में कूड़ा नदी में उतराया हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घरवाले व्यापारी की हत्या की आशंका जता रहे हैं।
गढ़मोर गांव निवासी रामबेलास (40) पुत्र दयाराम चौधरी गल्ला व्यापारी थे। 16 जनवरी की सुबह संदिग्ध हाल में रामबेलास लापता हो गए। परिजनों के मुताबिक वह खेतों की ओर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। काफी खोजबीन के बाद भी व्यापारी का पता नहीं चला। सोमवार की सुबह गांव के लोग ने कूड़ा नदी के एक उतराती हुई लाश देखी। सूचना पर पुलिस के साथ ही मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया तो पहचान रामबेलास के रूप में की गई। परिजन हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। वहीं, रामबेलास की मौत के बाद परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है। मृतक के चार बच्चे हैं। पत्नी मीरा देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहाना एसओ आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि कैसे मृत्यु हुई है।