सिद्धार्थनगर/ बर्डपुर। शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे आई आंधी के दौरान तिवारीपुर के सिवान में तेज हवाओं के कारण विद्युत तार टकराने लगे। इससे निकली चिंगारी से करीब 100 बीघा गेहूं की फसल जल गई। आग की सूचना पर लोग आसपास के जल स्रोताें से आग बुझाने में जुट गए। संयोग ही था कि आंधी के बाद बारिश होने लगी। वहीं बार-बार सूचना देने के बाद भी दमकल टीम नहीं पहुंची।
कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर छह ग्राम पंचायत तिवारीपुर गांव के सिवान में आग लग गई। लपटें देखकर लोग खेतों की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते आग ने बसहिया, नोनहवा, नरचहवा, तरैनी गांव के सिवान को भी चपेट में ले लिया। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे आग पर काबू पाने में सफलता मिली।
इस घटना में बर्डपुर नंबर के देवप्रकाश मिश्र की 15 बीघा, हनुमान प्रसाद मिश्र की 15 बीघा, वारिस अली की 3 बीघा, राकेश चौबे की 2 बीघा, यूसुफ की 4 बीघा, रामकृपाल की चौबे 2 बीघा, राजकुमार चौबे की 2 बीघा, राजेश कुमार चौबे की दो बीघा, मुख्तार की दो बीघा, पंचम यादव की 3 बीघा समेत नरचहवा के कल्लू शोहरत अली, चुन्नू आदि किसानों की कुल 100 बीघा से अधिक गेहूं की खड़ी फसल जल गई। मौके पर पहुचे ग्राम प्रधान इं.प्रदीप चौधरी व प्रधान संघ ब्लाक अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने सूचना तहसील प्रशासन को दी। सदर तहसीलदार संतोष कुमार ओझा, कानूनगो गिरीश चंद्र मिश्र, हलका लेखपाल अशोक गुप्ता ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया।
नहीं पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम
बर्डपुर। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर के सिवान में विद्युत तारों की स्पार्किंग से आग लगने के बाद लोगों ने सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड व नजदीकी पुलिस को दी। फायर ब्रिगेड का बेसिक फोन नंबर खराब होने के बाद लोगों ने मोबाइल नंबर पर संपर्क कर तत्काल अग्निशमन वाहन भेजने को कहा। दो घंटे बाद भी फायर सर्विस की गाड़ी नहीं पहुंची। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।