चाय बनाते समय गैस सिलेंडर से लगी आग, युवक झुलसा
गंभीर हाल में जिला अस्पताल से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
चिल्हिया क्षेत्र के सिरवतड़ीह गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। चिल्हिया क्षेत्र के सिरवतड़ीह गांव में गुरुवार को चाय बनाते सिलेंडर फट गया और आग लग गई। आग की चपेट में आकर एक युवक झुलस गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
क्षेत्र के सिरवतड़ीह गांव निवासी मंटू (24) गुरुवार सुबह अपने घर में गैस सिलेंडर पर चाय बना रहा था। बताया जा रहा है कि इस बीच आग लग गई। आग की चपेट में आकर मंटू जलने लगा। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे आग से बचाया और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। डॉक्टरों के मुताबिक युवक 80 प्रतिशत से अधिक झुलस गया था। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
खेत में लगी आग को बुझाने गया किसान झुलसा
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के चोरई गांव में बुधवार की शाम गेहूं के खेत में लगी आग को बुझाने गया किसान से आग में झुलस गया। आसपास के लोगों ने उसे आग से बचाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। क्षेत्र के चोरई गांव निवासी दिनेश (40) के खेत में आग लगी थी। बताया जा रहा है कि आग को बुझाते समय वह चपेट में आकर जलने लगा। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।