परसा। ढेबरुआ क्षेत्र के खैरी उर्फ झुंगहवा गांव के टोला तिरछहवा में सोमवार को एक विवाहिता की लाश छत के कुंडे में फंदे से लटकती मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के खैरी उर्फ झुंगहवा गांव के टोला तिरछहवा में फातिमा (27) पुत्री हमीद की लाश छत की कुंडी के सहारे में फंदे से लटकती हुई मिली। परिजनों के मुताबिक मृतका की शादी लगभग पांच वर्ष पूर्व इटवा थाना के रमवापुर गांव में हुई थी। मगर पति-पत्नी के बीच विवाद के कारण लगभग तीन वर्ष से कोर्ट में मुकदमा भी चल रहा था। मृतका तीन वर्षों से मायके में रह रही थी और मुकदमें के कारण परेशान थी। मृतका के पिता हमीद रोजी-रोटी के लिए मुंबई रहते हैं और घटना के वक्त मृतका की मां और उसका भाई अनवर किसी काम से बाहर गए थे। वापस आने पर मृतका की हालत देखकर दोनों रोने लगे। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर नायब तहसीलदार अवधेश कुमार के नेतृत्व में पहुंचकर शव का पंचनामा बनवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी थाना निरीक्षक राजेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।