बांसी के महजिदिया गांव में बरपा आग का कहर।
- फोटो : अमर उजाला
बांसी कोतवाली क्षेत्र के महजिदिया गांव में बुधवार को अज्ञात कारणों से लगी आग में 17 झोपड़ियां जल गईं। उनमें रखा घर-गृहस्थी के सभी सामान भी नष्ट हो गए। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। आग की चपेट में आने से दो बकरियों ने भी झुलसकर दम तोड़ दिया। काफी जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
दोपहर में आग गांव के पूरब तरफ से लगी। जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते तब तक श्याम नरायन, राम मिलन, गोपाल, लक्ष्मण, सवारं, कुमारे, उदयभान, विनोद, भोरई, शेषमणि, राजमुनि, लालमनी, प्रकाश, नेबू लाल, कपूरा देवी, गजाधर, तीरथ का मकान जलकर राख हो गया।
करीब एक घंटा बाद पहुंचे दमकल से आग पर काबू पाया गया। तीरथ के मकान में फंसने से उसकी दो बकरी जल गई। घटना की सूचना मिलते ही वहां एसडीएम योगानंद पांडेय, सीओ देवीदयाल, कोतवाल बांसी शमशेर बहादुर सिंह मौके पर पहुंच गए।