सिद्धार्थनगर। चिल्हिया थाना क्षेत्र के गौहनिया चौराहे पर सोमवार को एक कार का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया जिससे बाइक सवार महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चिल्हिया थाना क्षेत्र के कंदवा गांव निवासी वंदना (25) पति वीरेंद्र के साथ बाइक से शोहरतगढ़ की ओर से जा रही थीं। बताया जा रहा है कि अभी गौहनिया चौराहे के पास पहुंची थीं कि सामने से आ रही कार का टायर फट गया और वह अनियंत्रित होकर बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में वंदना बाइक से गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। जबकि पति वीरेंद्र को हल्की चोट आई। आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। डॉक्टरों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद सदर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में एसओ सदर डीसी चौधरी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली थी। शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। साथ ही संबंधित थाने को सूचना दे दी गई है।