इटवा। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के कठेला जनूबी गांव के टोला हौसिलवा के पास बुधवार सुबह चलती बाइक में हाईटेंशन तार टूटकर गिरने से बाइक में आग लग गई। इससे बाइक सवार दो शख्स झुलस गए। दोनों को इटवा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ढ़ेबरुआ क्षेत्र के भोजवार गांव निवासी फिरोज (17) और मंजूर (18) ईद के लिए सामान खरीदकर कठेला से अपने घर लौट रहे थे। अभी वे क्षेत्र के कठेला जनूबी गांव के टोला हौसिलवा के पास पहुंचे थे कि 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर बाइक पर गिर गया। इससे दोनों झुलस गए और जबकि बाइक जल गई। आसपास के लोगों ने दोनों को इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की स्थिति में सुधार है और खतरे से बाहर हैं। वहीं गांव के लोगों की सूचना के पर बिजली काट दी गई। जेई राजीव प्रसाद ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। पता करवाकर तार जुड़वाया जाएगा।