बांसी। खेसरहा थाना क्षेत्र के पेड़ारी-छितौनी मार्ग पर छितौनी गांव के पास शुक्रवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने गल्ला व्यवसायी से तमंचे के बल पर एक लाख छह हजार रुपये लूट लिए।
ग्राम मसैची निवासी रामचंदर गुप्ता उर्फ गोलई शुक्रवार को बाइक से बांसी कोतवाली स्थित रामनगर चौराहे के अशोक कसौधन के यहां से धान बिक्री की रकम लेकर शाम चार बजे निकले थे। अभी वह पेड़ारी-छितौनी मार्ग पर छितौनी गांव के पश्चिम सिवान के पास पहुुंचे थे कि बिना नंबर की बाइक से आए दो बदमाशों ने उन्हें रोका लिया। पीछे बैठे युवक ने उनसे बेलवा जाने का रास्ता पूछा। अभी वह कुछ बताते, तब तक दूसरे बदमाश ने उनकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया। पता पूछने वाले ने बाइक की चाभी निकाल ली, जबकि तमंचा सटाने वाले ने जेब में रखे एक लाख छह हजार रुपये निकाल लिए।
लूट की सूचना मिलने पर सीओ नईम खान मंसूरी, कोतवाली प्रभारी रवींद्र कुमार सिंह व प्रभारी चौकी इंचार्ज सभाजीत मिश्र छानबीन में जुट गए। एसओ खेसरहा राजेश कुमार दुबे भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।