सिद्धार्थनगर जिले में बुधवार को भी आग ने कहर बरपाया। पछुआ हवा के कारण चिंगारी शोला बन गई और जनपद में करीब 25 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुईं। इसमें 1500 बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। सर्वाधिक तबाही कपिलवस्तु और बांसी क्षेत्र में हुई। इन क्षेत्रों में आठ सौ बीघा से अधिक गेहूं की फसल जल गई। नगर से सटे मधुकरपुर गांव में सौ बीघा से अधिक फसल आग की भेंट चढ़ गई। मिश्रौलिया, इटवा, ढेबरुआ, उसका और डुमरियागंज थाना क्षेत्रों में भी आग ने तांडव मचाया। फायर ब्रिगेड की टीमों के देरी से पहुंचने के कारण लोगों आग बुझाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।
बुधवार की सुबह 8.50 बजे डुमरियागंज के परसा गांव से आग की घटनाओं की शुरूआत हुई। इसके बाद बांसी के तिलौती, नौगढ़ के मिर्जापुर, जोगिया के नगरा, बांसी के रमवापुर सहित देर शाम तक पूरे जिले में आग फैलती रही। नगर से सटे मधुकरपुर गांव में पल्टूराम, देवीशरण, विश्वनाथ चौरसिया, रामदेव चौहान, अमीर अली, नूर मोहम्मद, नंदकिशोर, रामकिशुन, बदरुन्निश, शफीक मोहम्मद, रामभजन के खेतों में खड़ी करीब 100 बीघा फसल जल गई।
करीब साढ़े 10 बजे कपिलवस्तु थाना क्षेत्र के सरदारनगर में शॉर्ट सर्किट से खेत में आग लग गई। कुछ ही देर में लपटों ने गनवरिया, बिहरा सहित आस-पास के कई गांवों के खेतों को अपने आगोश में ले लिया। आग की लपटे तेजी से सिद्धार्थ यूनिवर्सिटी के पश्चिमी तरफ बढ़ रही थी। लोग आस-पास के जलस्रोतों से आग बुझाने की कोशिश करते रहे। सूचना देने के करीब तीन घंटे बाद फायर बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
गोल्हौरा थाना क्षेत्र के गोल्हौरा गांव में आग से राजाबाबू, नारद लाल श्रीवास्तव, जगदंबा, लक्खू, विजय, राघवेन्द्र, चक्रपाल की करीब 25 बीघा फसल जल गई। जोगिया के नगरा, बांसी के धंधापार, ढेबरुआ के चौरहवा, बांसी के कटबंध, मिश्रौलिया के नेऊरी, इटवा के बरगदवा, इटवा, गोल्हौरा के वनगई, बभनीमाफी, लोटन के कपिया, सिहोरवा, उसका के महादेव बुजुर्ग, कूड़ाघाट में भी आग से सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल जल गई।
डुमरियागंज में दोपहर के समय शॉर्ट सर्किट से तिलगड़िया गांव में करीब 40 बीघा और भटगवां-जबजौआ गांव के सिवान में 36 बीघा गेहूं की फसल जल गई। आग से दुक्खी 2 बीघा, राधेश्याम 4, अब्दुल समद 6, अब्दुल क्यूम 6, भग्गन 8, जीमरूल्लाह 3, मुश्ताक 2, अब्दुल रहीम 2, अहमद हुसैन का 1 बीघा गेहूं का फसल जल गया। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद करीब 2:30 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
जबजौआ गांव निवासी रियाज 7 बीघा, गुडृडू 7, वसीउल्लाह 2, और भटगवां सिवान में मौजूद अफजाल का 10 बीघा के अलावा बसडिलिया गांव निवासी दाऊद का 10 बीघा गेहूं का फसल जल गई। इस संबंध में डुमरियागंज तहसीलदार मेवालाल ने बताया कि हलका लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। आग से क्षति की रिपोर्ट आने के बाद किसानों को आर्थिक सहायता देने के लिए सूची शासन को भेजी जाएगी।