सिद्धार्थनगर। सदर व स्वाट टीम ने मंगलवार देर शाम स्मैक की तस्करी करने वाले दो तस्करों को कांशीराम आवास के पास से चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। इनके पास से 36.6 ग्राम स्मैक बरामद हुई। दोनों आरोपी महराजगंज व गोरखपुर के हैं। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
सीओ सदर दिलीप कुमार सिंह ने बताया स्वाट टीम प्रभारी दीपक कुमार दुबे और सदर पुलिस संयुक्त रूप से चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि स्मैक तस्करी करने वाले गिरोह के दो लोग क्षेत्र के कांशीराम आवास कॉलोनी में मौजूद हैं और तस्कर मादक पदार्थ बेचने वाले हैं। सूचना को संज्ञान में लेते हुए एसओ सदर शमशेर बहादुर सिंह के साथ संयुक्त टीम बनाकर बताए हुए स्थान पर पहुंची।
पुलिस टीम के पहुंचते ही दो लोग भागते हुए दिखाई दिए। संदिग्ध देखकर पुलिसकर्मियों ने दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों की पहचान सचिन शर्मा निवासी जगर जोतिया थाना सोनौली जिला महराजगंज यह वर्तमान में कांशीराम कॉलोनी में रह रहा था। वहीं दूसरे की पहचान दीपांशु प्रताप उर्फ सिट्टू निवासी रमवापुर थाना कैंपियरगंज जिला गोरखपुर के रूप में की गई। इनके पास से 36.6 ग्राम स्मैक व तौल करने वाली इलेक्ट्रानिक मशीन बरामद की गई। बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में साढ़े तीन लाख रुपये आंकी गई है।
पुड़िया तैयार कर बेचते थे
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए तस्कर स्मैक नेपाल और बिहार से लाकर इलेक्ट्रानिक मशीन से तौलकर पुड़िया तैयार करके बेचते थे। एक पुड़िया की कीमत 400 रुपये लेते थे।