भड़रिया पेट्रोल पंप शार्ट सर्किट से लगी आग मेें जला इलेक्ट्रिक रूम।
- फोटो : अमर उजाला
डुमरियागंज। भवानीगंज थाना क्षेत्र के भड़रिया चौराहे पर आए दिन शाट सर्किट से लोग परेशान हैं। हाल ही में लोगों के घरों में हाईटेंशन सप्लाई बहाल होने के कारण लाखों के उपकरण जल गए थे। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया नहीं तो बड़ी घटना घट सकती थी।
भड़रिया चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप पर बिजली आपूर्ति देने के लिए 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। सोमवार रात करीब 11 बजे ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इस बीच अचानक ट्रांसफार्मर में 11 हजार वोल्टेज की सप्लाई उतर गई। इसके कारण जनरेटर रूम में लगे मीटर, इलेक्ट्रिक बोर्ड अचानक जलने लगे। कमरे में सो रहे स्टाफ के मोबाइल चार्जर तेज आवाज से ब्लास्ट हो गया। कर्मियों ने बताया कि इस दौरान ट्रांसफार्मर के पास आग लगी हुई थी। जनरेटर रूम में लगे मीटर और इलेक्ट्रिक बोर्ड भी जल गए। कर्मियों ने किसी तरह खानतारा सबस्टेशन पर फोन किया। लेकिन आधे घंटे तक किसी ने फोन नहीं उठाया। इस बीच किसी ने इसकी सूचना सब स्टेशन के जेई अजीत सिंह को दी। इस पर उन्होंने पावर हाउस से बिजली आपूर्ति बंद कराई। लेकिन तब तक उपकरण जल चुके थे।