घटना के बाद घ्ाायल हेड कांस्टेबल को सीएचसी ले जाया गया।
- फोटो : अमर उजाला
ककरहवा(सिद्धार्थनगर)। खेसरहा के बाद अब मोहाना में भी पुलिस पर हमला हुआ है। ककरहवा कस्बे में सोमवार को पारिवारिक विवाद निपटाने पहुंची यूपी-100 टीम के हेड कांस्टेबल (दीवान) पर फावड़े से हमला हुआ। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मोहाना थाना क्षेत्र के ककरहवा निवासी मेवालाल के पुत्र नंदकिशोर (30) की शादी कोल्हुई थाना क्षेत्र के गांव घरैची में हुई है। पति-पत्नी में काफी दिनों से विवाद चल रहा था। सोमवार शाम ककरहवा में दोनों पक्ष के बीच पंचायत थी। इसमें काफी संख्या में लोग पहुंचे थे। पंचायत के दौरान विवाद बढ़ता देख नंदकिशोर की पत्नी पिंकी (26) ने 100 नंबर पर सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पीआरवी-1514 ने दोनों पक्षों को थाने पर चलने को कहा। इस बात को लेकर नोकझोंक होने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान मेवालाल ने पीआरवी-1514 के हेड कांस्टेबल राम सुरेश सिंह पर फावड़े से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से पुलिस कर्मी सकते में आ गए। आनन-फानन में साथियों ने दीवान रामसुरेश को बर्डपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना पर सदर सीओ दिलीप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व प्रधान सहित दो गिरफ्तार
बांसी। खेसरहा के भलुआ खगरगड्डी गांव में कोटेदार के चयन को लेकर हुए बवाल के मामले में पुलिस ने सोमवार को पूर्व प्रधान सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले में 12 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। सोमवार को पुलिस ने रामउजागिर व पूर्व प्रधान शिवकुमार को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में एसओ रणधीर कुमार मिश्र, कांस्टेबल दिनेश सिंह, सिद्धार्थ सिंह, सुरेंद्र यादव शामिल रहे।