बयारा चौराहे पर मोबाइल की दुकान में अज्ञात कारणों से लगी आग से जला सामान।
- फोटो : अमर उजाला
डुमरियागंज। भवानीगंज क्षेत्र के बयारा चौराहे पर स्थित मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर में शुक्रवार रात आग लग गई। जिससे करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान जल गया। घटना की सूचना पड़ोसी ने मोबाइल के जरिए पीड़ित के साथ ही डायल 100 के जरिए पुलिस को दी। पुलिस ने दमकल बुलाया और आग पर काबू पाया।
क्षेत्र के खखरगड्डी निवासी सचिन श्रीवास्तव ने बयारा चौराहे पर मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान खोला था। वह शुक्रवार रात 8 बजे अपनी दुकान बंद करके रोज की तरह घर चले गए। रात करीब 11 बजे चौराहा निवासी सूरज अग्रहरि ने सचिन को दुकान में आग लगने की सूचना दी। साथ ही डायल 100 के जरिए पुलिस को भी मामले की सूचना दी। जिस पर फायर ब्रिगेड को मामले की जानकारी दी गई। दमकल पहुंचने पर आग पर काबू पाया जा सका। इस बीच सारा सामान जल चुका था। सचिन ने बताया कि दुकान में रखा दो लैपटॉप, एक कंप्यूटर, एआईटी बॉक्स, मोबाइल डिस्प्ले, हार्ड डिस्क, इन्वर्टर, बैट्री, दर्जनों ग्राहकों का मोबाइल फोन, काउंटर सहित सब कुछ जल गया। दुकानदार के मुताबिक इस घटना में करीब डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है। थानाध्यक्ष भवानीगंज दीपक दूबे ने बताया कि मामले की सूचना रात में ही मिली थी। मौके पर पुलिस भेजा गया था। कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।