डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। फिल्म ‘जिला गोरखपुर’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि गलत तरीके से पेश करने की खबरों से उनके समर्थक खासे नाराज हैं। सोमवार को डुमरियागंज नगर पंचायत के बैदौलागढ़ निवासी कमलेंद्र तिवारी ने फिल्म निर्माता विनोद तिवारी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने फिल्म के फाइनेंसरों के खिलाफ भी जांच की मांग की है।
समाजसेवी कमलेंद्र तिवारी ने तहरीर में कहा है कि गोरखनाथ मंदिर हिंदुओं की आस्था का प्रतीक है। फिल्म ‘जिला गोरखपुर’ में मंदिर के महंत और सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के किरदार को गलत ढंग से दिखाने का प्रयास किया जा रहा है। अगर ऐसा होता है तो यह मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने के साथ ही हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ होगा। उन्होंने फिल्म निर्माता विनोद तिवारी, फाइनेंसरों व पूरी टीम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डुमरियागंज इंस्पेक्टर आरबी सिंह ने बताया कि फिल्म के निर्माता विनोद तिवारी और उनकी टीम के खिलाफ तहरीर दी गई है। मामले की जांच करवाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।