कोरोना की दहशत से गुजर चुकी है पांच फीसदी आबादी
26 लाख की आबादी वाले जिले में एक लाख 30 हजार की हो चुकी जांच
अब तक 3322 संक्रमित, ठीक होने वालों की संख्या 90 फीसदी से अधिक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कोरोना एक ऐसा नाम है, जिसे सुनने के बाद हर किसी में डर समा जाता है पर जिले पांच प्रतिशत ऐसी आबादी है जो कोरोना के दहशत से गुजर चुकी है। यहां 1,30,937 लोग कोरोना की जांच करा चुके हैं। राहत की बात यह है कि इसमें संक्रमित मरीजों की संख्या 2.57 प्रतिशत ही है। जिम्मेदारों का कहना है कि जागरूकता और बचाव संक्रमण का दर कम है।
देश में मार्च माह के आखिरी सप्ताह में कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए लॉकडाउन घोषित कर दिया गया। संक्रमण से फैलने वाली इस घातक बीमारी का नाम सुनने के बाद ही अच्छे-अच्छे बेचैन हो उठते हैं। जिले में कोरोना संक्रमण की दस्तक अप्रैल माह में हुई। संक्रमित मिलने की खबर मात्र ने ही न जाने कितनों के होश उड़ा दिया। समय के साथ-साथ संक्रमण तेजी से बढ़ने लगा। हाल है कि छह माह में संक्रमित होने वालों की संख्या 3322 पहुंच गई। यह वह लोग हैं जो बीमारी की भयावहता को करीब से होकर देख चुके हैं। लेकिन इनसे अधिक डर उन पांच प्रतिशत लोगों ने देखा जो सैंपल देने के बाद खुद को अलग कर लिए थे। उन्हें डर था कहीं उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो परिवार के अन्य लोग भी खतरे में पड़ सकते हैं। सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि जांच तेजी से की जा रही है। साथ ही लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही संक्रमित के संपर्क आने वालों की जांच की जा रही है।
95 प्रतिशत है जिले में ठीक होने वालों की दर
आंकड़ों के मुताबिक जिले में अब तक 1,30,937 लोगों की जांच हुई। इसमें 3,322 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई जो कुल जांच की 2.57 प्रतिशत में है। वहीं ठीक होने वाले दर पर गौर करें तो 3322 में 2927 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जो 95 प्रतिशत है। वहीं मौत के आंकड़ों पर नजर डालें तो 34 लोगों की मौत हुई जो संक्रमितों की संख्या का एक प्रतिशत से कुछ अधिक है।