परीक्षा से पूर्व सेनेटाइजर से साफ की जाएंगी कुर्सियां
परीक्षा से पूर्व कक्षाओं के डोर नॉब, स्विच, हैंड रेलिंग, मेज भी होंगे साफ
बाथरूम को साफ सुथरा, कक्षा में टिशु पेपर रखने के लिए भी हिदायत दी
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। कोरोना वायरस से बचाव को लेकर हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। विश्वविद्यालयों समेत महाविद्यालयों में पूर्व में शुरू हो चुकी परीक्षा के दौरान सावधानियां बरतने के कड़े निर्देश जारी हुए हैं। संबंधित महाविद्यालयों में परीक्षा शुुरू होने से पूर्व डोर नॉब, स्विच, हैंड रेलिंग, मेज और कुर्सियों को एल्कोहल युक्त सेनेटाइजर से साफ कराने की हिदायत दी गई है। प्रमुख सचिव मोनिका एस गर्ग की ओर से जारी पत्र के अनुसार सचिव विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने कोरोना वायरस के मद्देनजर विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के लिए खास निर्देश दिए हैं। पत्र के माध्यम से अपेक्षा की गई है कि जिन विवि अथवा महाविद्यालयों में परीक्षाएं चल रही हैं, वह यथावत चलती रहेंगी। जहां नहीं चल रही हैं, वह विद्यालय 22 मार्च तक बंद रहेंगे। परीक्षा कराने से पूर्व कक्षाओं के डोर नॉब, स्विच, हैंड रेलिंग, मेज और कुर्सियों को एल्कोहल युक्त सेनेटाइजर से साफ कराया जाए। बाथरूम को साफ सुथरा रखा जाए, साबुन अथवा अल्कोहल बेस्ड सेेनेटाइजर तथा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कक्षा में टिशु पेपर रखे जाएं। इस्तेमाल किए गए टिशु पेपर को निस्तारित करने के लिए प्लास्टिक बैग वाले डस्टबिन कक्षाओं में रखे जाएं।
कस्तूरबा स्कूल और आंगनबाड़ी भी बंद
कोरोना वायरस को लेकर बरती जा रही सावधानियों को देखते हुए जिले में संचालित 14 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों को भी 22 मार्च तक बंद कर दिया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. सूर्यकांत त्रिपाठी ने जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभांगी कुलकर्णी ने बताया कि निदेशक स्तर से प्राप्त निर्देश के क्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों को भी 22 मार्च तक बंद कर दिया गया है।