बांसी। किसानों को खरीफ फसल की सिंचाई के लिए समुचित बिजली आपूर्ति व पर्याप्त मात्रा में खाद आपूर्ति की मांग पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद के नेतृत्व में तहसील में विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम शशांक शेखर राय को सौंपा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी संकल्प पत्र में किसानों को मुफ्त बिजली देने एवं उनकी आय दोगुनी करने का वादा किया था। जो खोखला साबित हुआ है। जिले में खाद की किल्लत है। किसान इसके लिए सहकारी समितियों पर खड़े रहते हैं, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल रही है। उन्हें मजबूरन कालाबाजारी करने वालों से अधिक दाम पर खाद खरीदनी पड़ रही है। इसके अलावा जनपद में बिजली आपूर्ति की कमी के चलते किसान अपनी फसल की सिंचाई नहीं कर पा रहा है।