हवा से ठिठुरे लोग घरों में दुबके
एक सप्ताह से ठंड से जूझ रहे लोग हुए बेहाल, सड़क पर पसरा सन्नाटा
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। एक सप्ताह से बढ़ी ठंड शनिवार को लुढ़के पारे के कारण चरम पर पहुंच गई है। ठंड व गलन के साथ चल रही हवा के कारण तराई क्षेत्र कांप उठा है। पूरे दिन शीतलहर छाई रही और धूप नहीं निकली। इसकी वजह से पूरे दिन गलन रही। मौसम वैज्ञानिक डॉ. सूर्य प्रकाश सिंह का कहना है कि आगामी दो दिनों तक ठंड का कहर जारी रहेगा।
पिछले एक सप्ताह से मौसम के करवट बदलने के कारण ठंड से लोग हलकान थे। शनिवार को पारा काफी नीचे लुढ़क गया, इससे बढ़ी ठंड और गलन के साथ ही पूरे दिन छाई शीतलहर के कारण लोग घरों में दुबक गए। एक सप्ताह से लगातार पड़ रही ठंड से जनजीवन प्रभावित हो गया है। डॉ. सूर्य प्रकाश सिंह का कहना है कि वर्तमान में उच्चतम 17 व न्यूनतम 3.3 तक पारा पहुंच गया है। रविवार को यह पारा अधिकतम 14 व न्यूनतम 4 रहेगा। यही हाल सोमवार को भी रहेगा। दो जनवरी को जिले में ठंड व गलन के साथ बूंदाबांदी और बारिश की आशंका है। पीएचसी बांसी के डॉ. अश्वनी कुमार चौधरी का कहना है कि इस हांड़ कंपा देने वाली ठंड का असर सबसे अधिक बच्चों व वृद्धजनों पर है। इन दिनों अस्पताल में आने वाले मरीजों में इनकी संख्या अधिक है।
पूरा दिन बेहाल रहे लोग
डुमरियागंज। घने कोहरे और सर्द हवाओं की वजह से शनिवार को पूरे दिन लोग ठंड से बेहाल रहे। ठंड से राहत पाने के लिए लोग अलाव सेंकते दिखे। गलन के कारण पारा और भी नीचे लुढ़क गया। विद्यालयों में अवकाश होने के चलते जहां बच्चे घरों पर खेलने कूदने में मशगूल हैं वहीं शिक्षकों को प्रशासन के निर्देश पर विद्यालयों में पहुंचकर उपस्थिति दर्ज करानी पड़ रही है। शुक्रवार को जहां थोड़ी देर हल्की धूप निकलने के बाद लोग कयास लगा रहे थे की शनिवार को धूप निकल आएगी, लेकिन शनिवार की सुबह की शुरुआत घने कोहरे और बर्फीली हवाओं के चलने के साथ हुआ। जो पूरे दिन जारी रहा और लोग ठंड से बेहाल रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में अलाव, कंबल वितरण की मांग
बांसी। ग्रामीण क्षेत्रों में अलाव जलवाने व कंबल वितरण न किए जाने को लेकर लोगों में नाराजगी है। कड़ाके की ठंड के बावजूद किसी गांव में अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। क्षेत्र के राकेश, हरिश्चंद्र, निरंजन, सोमनाथ आदि का कहना है कि भीषण ठंड के बाद भी प्रशासन के तरफ से न तो अलाव की व्यवस्था की गई है और न ही गरीबों में कंबल का वितरण किया जा रहा है। इससे लोगों में नाराजगी है।
एकमात्र रैनबसेरे में सुविधाओं का अभाव
सिद्धार्थनगर। शहर में रेलवे स्टेशन के पास नगर पालिका के तरफ से संचालित रैनबसेरा में सुविधाओं का अभाव है। इस कड़ाके की ठंड में बेसहारा लोगों को आसरा दिलाने के लिए बने रैन बसेरा में न तो पानी की सुविधा है और न तो ठंड से बचाव के इंतजाम हैं। वहीं, जिला अस्पताल में स्थित रैनबसेरे में मरीजों के तीमारदारों की बजाए स्वास्थ्य कर्मियों का कब्जा है। जबकि तीमारदारों को अस्पताल के गैलरी और बरामदे में किसी तरह रात गुजारना मजबूरी होती है।
तहसीलदार ने कंबल वितरण किया
शोहरतगढ़। कड़ाके की ठंड के बीच तहसील क्षेत्र शोहरतगढ़ में आधा दर्जन गांवों में शनिवार को तहसीलदार राजेश कुमार अग्रवाल ने राजस्व टीम के साथ भ्रमण करते हुए गरीबों में कंबल वितरण किया। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाए। तहसीलदार ने कहा कि गरीबों से ठंडक से सुरक्षा पहुंचाने के लिए तहसील प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है। तहसीलदार ने बानगंगा चौराहा व मंदिर, खुनुवां में गरीब व असहाय लोगों व साधू, दिव्यांग समेत एक दर्जन लोगों में कंबल वितरण किया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाया। इसी तरह बढ़नी विकास खंड के मदरहिया में दर्जनों गरीब लोगों में कंबल का वितरण तहसीलदार ने किया। साथ ही तुलसियापुर चौराहा, ढेबरुआ, सिसवा, परसा रेलवे स्टेशन आलाव जलवाया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि देवेन्द्र पाल, प्रधान झरुआ मल्हू यादव, भाजपा नेता राजीव मौर्य, विकास सिंह, मोहन चौधरी, धनंजय सिंह, पिंटू मौर्य आदि मौजूद रहे।
पूर्व विधायक ने बांटे कंबल
सिद्धार्थनगर। कड़ाके की ठंड में कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र से सपा के पूर्व विधायक विजय पासवान ने गरीबों के बीच कंबल का वितरण किया। साथ ही क्षेत्रीय विधायक पर मदद न करने का आरोप भी लगाया। शनिवार को पूर्व विधायक विजय पासवान ने कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के अजगरा, गायघाट, बैरवा नानकार, अमरिया, संगल दीप, पटखौली आदि गांव में पहुंचकर ठंड से बचाव के लिए गरीबों को कंबल वितरित किया। कहा कि गरीब व असहाय लोगों की मदद करना ही सबसे बड़ी समाज सेवा व धर्म है। क्षेत्रीय भाजपा विधायक पर आरोप लगाया कि गरीब कड़ाके की ठंड से ठिठुर रहे हैं, पर प्रशासन की ओर से छोड़िए, जनप्रतिनिधि का दायित्व भी नहीं निभा पा रहे हैं। अब तक एक अदद कंबल भी उनके द्वारा वितरण न किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। कंबल वितरण कार्यक्रम में जोखन प्रसाद चौधरी, हरिराम यादव, राजकुमार यादव, मुहम्मद कलाम, सुनील, फौजी, सोटा बाबा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
आज पांच घंटे बाधित रहेगी बिजली
सिद्धार्थनगर। अधिशासी अभियंता विद्युत विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि 132 केवी उपकेंद्र नौगढ़ से निर्गत होने वाले फीडरों की बिजली 29 दिसंबर को पांच घंटे बाधित रहेगी। बताया कि 29 दिसंबर 2019 को निर्माणाधीन 132 केवी बांसी-मेंहदावल लाईन के टॉवर लोकेशन नंबर 11-12 के बीच तार खींचने का कार्य सुबह 10 बजे से 15 बजे तक किया जाना है। इस टॉवर लोकेशन के मध्य 132 केवी बांसी-नौगढ़ लाइन की क्रॉसिंग है। जिसके कारण शटडाउन लेने से इस समय तक 132 केवी उपकेंद्र नौगढ़ से निर्गत 33 केवी नौगढ़, शोहरतगढ़, बर्डपुर, यूनिवर्सिटी, उसका बाजार, माधो गोविंद मील, कोर्ट, पकड़ी, श्याम सुंदर मील आदि क्षेत्र के उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।