मेडिकल कॉलेज में आज से शुरू होंगी कक्षाएं
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में सोमवार से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। दाखिला ले चुके 70 विद्यार्थियों का कक्षाओं में पहला दिन होगा। पढ़ाई शुरू होने से जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद जग गई है।
जिले में स्थापित मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की तैनाती के बाद एमबीबीएस के विद्यार्थियों का दाखिला और पढ़ाई के लिए लोग उत्सुक थे। 100 सीट वाले मेडिकल कॉलेज में पहले चरण में 70 मेडिकल छात्र-छात्राओं ने दाखिला लिया है। शासन के निर्देशानुसार, सोमवार से कक्षाएं शुरू की जाएंगी। इसके लिए मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से तैयारी पूरी कर ली।
पढ़ाई शुरू होने से जिले के लोगों में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद जग गई है। मेडिकल की पढ़ाई शुरू होने से अगले कुछ वर्षों में यहां से भी हर साल नए डॉक्टर बनकर युवा निकलेंगे। इस संबंध में प्राचार्य डॉ. सलिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में सोमवार से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। दाखिला लेने वाले विद्यार्थी हास्टल में आ चुके हैं। 70 छात्र-छात्राओं ने दाखिला लिया है। उन्हें क्लॉस चलने के बारे में सूचना दे दी गई है।